haribhoomi hindi news
पेंड्रा जिले में दंतैल हाथी के हमले से 55 वर्षीय वृद्ध की मौत। मरवाही वन मंडल के डडिंया गांव में घटना के बाद दहशत, वन विभाग ने जंगल में न जाने की चेतावनी जारी की।

आकाश पवार- पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में दहशत फैल गई, जब एक दंतैल हाथी के हमले में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना मरवाही वन मंडल के ग्राम डडिंया की है, जहां आज शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे महुआ बीनने गए 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह पर हाथी ने हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, अधेड़ रोज की तरह सुबह जंगल में महुआ बीनने गए थे, तभी अचानक सामने आए दंतैल हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
बताया जा रहा है कि, यह हाथी पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमा पर लगातार विचरण कर रहा है और फिलहाल घटनास्थल के पास कक्ष क्रमांक 2093 के जंगल में ही मौजूद है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। यह क्षेत्र मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से सटा हुआ है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

जंगल में न जाने की वन विभाग ने दी हिदायत
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए महुआ बीनने या अन्य किसी भी कार्य से जंगल में न जाने की हिदायत दी है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में दहशत साफ देखी जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7