मोहला में मामूली विवाद के बाद ड्राइवर कमलेश की अंतड़ी फटने तक बर्बर पिटाई हुई, इलाज के पाँचवें दिन मौत पर इलाके में आक्रोश और पुलिस में हलचल बढ़ी।

एनिश पुरी गोस्वामी - मोहला। जिला मुख्यालय मोहला से कुछ ही दूरी पर स्थित बस स्टैंड और बाजार चौक में 20 अप्रैल को हुई घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। मामूली विवाद के बाद थाना अंबागढ़ चौकी के सांगली निवासी और भारत ट्रैवल्स के ड्राइवर कमलेश भूआर्य की बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके पाँचवें दिन बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मोहला थाना में हलचल तेज हो गई और पुलिस ने मामले से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद
घटना 20 मार्च की रात करीब 8-9 बजे बस स्टैंड में शुरू हुई, जब भारत ट्रैवल्स के ड्राइवर कमलेश भूआर्य का उसी बस पर बैठे ड्राइवर इसराइल खान, प्रवीण और राजपूत ट्रांसपोर्ट के संचालक सोनू राजपूत से मामूली कहासुनी हुई। विवाद बढ़ा तो सभी ने मिलकर कमलेश की पिटाई कर दी। गश्त पर मौजूद मोहला पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को किसी तरह शांत कराया। इसके बाद कमलेश को भारत ट्रैवल्स की दूसरी हाल्टिंग बस में सुला दिया गया।

बस से उठाकर बाजार चौक ले गए आरोपी
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने बाद में फिर बस स्टैंड पहुँचकर सो रहे कमलेश को बस से उठाया और आगे बाजार चौक स्थित राजपूत ट्रांसपोर्ट के सामने ले गए। यहाँ कमलेश की बर्बरता से पिटाई की गई। बताया गया कि आरोपियों ने बेल्ट और डंडों से इतनी मार की कि उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

इलाज के दौरान मौत, अंतड़ी फटने तक पहुंची चोटें
कमलेश की हालत गंभीर होने पर उसे राजनांदगांव के निजी अस्पताल मेडिसिटी में भर्ती कराया गया। अंदरूनी चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी अंतड़ी तक फट गई थी। पाँच दिन तक मौत से जूझने के बाद बुधवार रात करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में आक्रोश फैल गया।

आरोपियों की धरपकड़ शुरू
पत्रकारों के जरिए पुलिस को जैसे ही युवक की मौत की जानकारी मिली, रात से ही मोहला थाना सक्रिय हो गया। घटना से जुड़े मुख्य आरोपी- इसराइल खान, प्रवीण और सोनू राजपूत को हिरासत में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।