रविकांत राजपूत- मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा माह के समापन पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बड़ा एलान किया। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करने पर संगठनों से चर्चा की बात कही। उन्होंने कहा कि, सड़क हादसों के बाद सबसे अधिक दबाव स्वास्थ्य विभाग पर पड़ता है।
सड़क हादसों में बढ़ती मौतों और गंभीर चोटों पर लगाम लगाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार अब स्वास्थ्य विभाग से ही मिसाल कायम करने की तैयारी में है। सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने एक अहम और दूरगामी कदम की घोषणा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य करने की बात कही है।
समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा- स्वास्थ्य मंत्री
मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के बाद सबसे अधिक दबाव स्वास्थ्य विभाग पर ही आता है। ऐसे में यदि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्वयं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे, तो समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि, वे विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के साथ चर्चा कर हेलमेट की अनिवार्यता को लागू करने की दिशा में पहल करेंगे।
मौतों और गंभीर चोटों को कम करने में मददगार
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि, यह पहल सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम करने में मददगार साबित होगी।