महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में रोप-वे हादसे में एक श्रद्धालु की मौत, कई घायल। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक, जांच के दिए आदेश और बेहतर इलाज के निर्देश।

राहुल भोई- महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दरअसल, खल्लारी माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा रोपवे अचानक हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि, रोपवे में करीब 7 से 8 लोग सवार थे, तभी अचानक तकनीकी खराबी के चलते यह नीचे गिर गया। आपको बता दें कि, इस हादसे में एक की मौत हो गई। 

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस घटना में कुछ श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना खल्लारी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और रोपवे हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सीएम साय ने जताया गहरा शोक
गौरतलब है कि, इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रदेशभर में शोक का माहौल है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले तथा परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान हो।

इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी- सीएम साय
मुख्यमंत्री ने बताया कि, घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि सभी घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि, इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने मां खल्लारी माता से प्रार्थना करते हुए सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और प्रदेशवासियों से संयम बनाए रखने की अपील की।