उमेश सिंह- धमतरी। विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल (ओपीडी भवन) धमतरी में “टीबी मुक्त भारत अभियान फेस-2” के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी (क्षय रोग) के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व को समझाना रहा।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि, टीबी (क्षय रोग) एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य और रोकी जा सकने वाली बीमारी है। बशर्ते समय पर पहचान और नियमित दवा ली जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि, किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार का लाभ उठाएं।

मरीजों के इलाज के लिए चलाया जा रहा अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत मरीजों की पहचान, उपचार एवं पोषण सहायता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही समाज के हर वर्ग की भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

टीबी उन्मूलन का लिया संकल्प
इस कार्यक्रम के दौरान टीबी से संबंधित जानकारी, परामर्श एवं जागरूकता सामग्री का वितरण भी किया गया। अंत में सभी ने मिलकर टीबी उन्मूलन के संकल्प को दोहराया और 2026 तक टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।

इन लोगों की रही विशेष सहभागिता
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।










