राहुल यादव- लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी क्षेत्र में लापता सेवानिवृत्त लेखा अधिकारी दामोदर सिंह राजपूत का सड़ी-गली हालत में शव जंगल से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि जमीन विवाद के चलते 3 लाख रुपये की सुपारी देकर उनकी हत्या कराई गई।
मिली जानकारी के अनुसार, जांच में बड़ा खुलासा हुआ। जमीन विवाद में तीन लाख की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी। आरोपी संजय यादव ने कबूल किया कि, उसने साथी मुन्ना सिंह और एक अन्य युवक के साथ मिलकर दामोदर सिंह का अपहरण कर गमछे से गला दबाकर हत्या की और फिर शव को जंगल में दफना दिया।
परिजन और समाज का आक्रोश
संदेहियों की लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने 28 मार्च को पांच लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें संजय की निशानदेही पर अगले दिन शव बरामद हुआ। क्षेत्र में सनसनी के बीच परिजन और समाज का आक्रोश बढ़ा।
सुपारी देने में रिश्तेदार भी हो सकते हैं शामिल
जमीन लेनदेन को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है और पुलिस को शक है कि, सुपारी देने में मृतक के कुछ रिश्तेदार भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अन्य आरोपियों से भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है। समाज ने 29 मार्च को थाना घेराव का एलान किया था, लेकिन पुलिस द्वारा निष्पक्ष और गंभीर जांच के आश्वासन पर इसे स्थगित कर दिया।