उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चल रही पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्ती की हनुमंत कथा के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जहां एक ओर लाखों श्रद्धालु आस्था की डोरी से जुड़े हैं, वहीं दूसरी ओर कथा स्थल के पीछे विवाद और टकराव की स्थिति पैदा हो गई। कथा के दौरान पहुंच और प्रभुत्व को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि रविवार रात यह मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया।
अग्रसेन भवन में हुआ विवाद
कटघोरा के अग्रसेन भवन में जहां धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ठहरे हुए हैं, कार्यक्रम संयोजक अमरजीत सिंह और रायपुर के एक व्यापारी के बीच जोरदार विवाद हुआ। बताया जाता है कि, अमरजीत सिंह अपने कुछ लोगों के साथ बाबा से मिलने भीतर जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी व्यापारी के समर्थकों ने उन्हें रोक दिया। यही मुद्दा कहासुनी, धक्का-मुक्की और तनाव का कारण बन गया।
कोरबा जिले में चल रही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) की हनुमंत कथा, जहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु आस्था की डोरी से जुड़े हैं। @KorbaDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/KL5VkIuAVw
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 30, 2026
आयोजकों में बढ़ा तनाव
विवाद की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के समर्थक पहुंच गए और माहौल बिगड़ गया। हालांकि बाद में मामला आपसी स्तर पर सुलझा लिया गया और थाने तक नहीं पहुंचा, लेकिन इस टकराव ने आयोजन व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए।
पैसे लेकर मिलाने का आरोप
रायपुर के एक व्यापारी पर आरोप लगा रहे हैं कि, वह पैसे लेकर अपने लोगों को भीतर भेज रहा है और कार्यक्रम को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश कर रहा है। बताया जाता है कि, आयोजकों को दरकिनार कर वह कथित रूप से महराज के करीबी लोगों के साथ मिलकर पूरी व्यवस्था पर प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा है।
लाखों रुपए के बिल थोपने की भी बात
सूत्रों का दावा है कि, इस व्यापारी से जुड़े लोग आयोजन की ओर लाखों रुपये के गलत बिल भेज रहे हैं, जिससे आर्थिक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे मुख्य आयोजकों और उसके बीच अविश्वास और खटास और बढ़ गई है।
शुरुआत से ही खटपट के संकेत
कथा का आयोजन ‘अपना घर सेवा आश्रम’ द्वारा किया जा रहा है। संयोजक अमरजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और पूरी टीम पिछले कई दिनों से तैयारी में जुटी थी। लेकिन अंतिम चरण में रायपुर के व्यापारी के बीच में कूद पड़ने से पूरी व्यवस्था में असहमति और खटपट की स्थिति पैदा हो गई।
छवि चमकाने की कोशिश के लगे आरोप
लोगों में चर्चा है कि, रायपुर के व्यापारी ने कथित रूप से कथा के लिए फंडिंग की है और अपने राजनीतिक-सामाजिक संपर्कों वाले फ्लेक्स-फोटो का उपयोग कर यहां अपनी छवि चमकाने की कोशिश कर रहा है।










