राहुल यादव- लोरमी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित जनचौपाल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने वनग्राम बिजराकछार में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। कई मुद्दों पर तत्काल अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही। 
महतारी वंदन से सशक्त हुई माताएँ
चौपाल में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया है। सभी ने मुख्यमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

40 लाख के विकास कार्य स्वीकृत
उप मुख्यमंत्री ने बिजराकछार में दो CC रोड के लिए 10 लाख तथा निवासखार, महामाई, सुरही, बोईहा, झिरिया और खुड़िया में 5-5 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। बिजराकछार में बिजली लाइन बिछाने का निर्देश दिया और क्षेत्र में नेटवर्क सुधार के लिए अतिरिक्त मोबाइल टॉवर लगाने की बात कही। वन विभाग के बीट गार्डों को टॉर्च वितरित की गई और जंगलों में सूखे पत्तों को नहीं जलाने की अपील की गई।
ग्रामीणों संग वनभोज और पूजा-अर्चना
जनचौपाल के बाद श्री साव ने हरियाली से घिरे वातावरण में ग्रामीणों के साथ वनभोज का आनंद लिया। इसके बाद खुड़िया के पथर्रीपारा स्थित भगवान महादेव मंदिर में पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।









