प्रेम सोमवंशी- कोटा। छत्तीसगढ़ के कोटा थाना क्षेत्र में विवाह समारोह के दौरान हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब ₹1.10 लाख कीमत के सोने के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च को धौराभाठा निवासी चंद्रप्रभा साहू ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे शाम करीब 7 बजे एक विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सोने के जेवरात, मोबाइल फोन और नगदी चोरी कर ली।
प्रभारी नरेश के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
संदेही को हिरासत में लेकर की पूछताछ
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का भी बारीकी से विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने संदेही अजय पाण्डेय (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 बाबाघाट राम्हेपुर, थाना लोरमी जिला मुंगेली को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी ने कबूल कर ली वारदात
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने की एक जोड़ी झुमका, सोने की एक जोड़ी कान का टॉप, एक मोबाइल फोन और नगदी बरामद की। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग ₹1.10 लाख आंकी गई है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक दीप सिंह कंवर और आरक्षक सुरेंद्र कौशिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।