उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक मंडी प्रभारी की मौत हो गई। सुबह धान उपार्जन केंद्र पहुंचे हाथी ने धान खाने के बाद मंडी प्रभारी को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोरबा जिले के कोरकोमा धान उपार्जन केंद्र की है। यहां मंडी प्रभारी राजेश कुमार अपनी पत्नी के साथ उपार्जन केंद्र में रहकर धान की देखरेख कर रहे थे। बताया जा रहा है कि, बुधवार सुबह अचानक एक जंगली हाथी उपार्जन केंद्र में घुस आया।
पत्नी ने जैसे-तैसे भागकर बचाई जान
दरअसल, हाथी पहले वहां रखे धान को खाने लगा। इसी दौरान मंडी प्रभारी राजेश कुमार उसकी चपेट में आ गए। हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान मौजूद उनकी पत्नी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों में भय का माहौल
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई है। बताया जा रहा है कि, इलाके में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण पहले से ही डरे हुए हैं। फिलहाल, वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।