CRPF 188 बटालियन ने सुकमा के ताड़मेटला नक्सल हमले में शहीद 76 जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कोंडागांव। सुकमा के ताड़मेटला नक्सल हमले में शहीद हुए 76 वीर जवानों की याद में 188 बटालियन CRPF द्वारा कोण्डागांव स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम भावनाओं और सम्मान से भरा रहा, जहां जवानों और अधिकारियों ने शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को सलामी दी।

शहीद स्मारक पर सलामी और मौन श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट भवेश चौधरी द्वारा शहीद स्मारक पर सलामी देकर की गई। सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर उन 76 वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने 6 अप्रैल 2010 को ताड़मेटला में देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। स्मारक स्थल पर देशभक्ति का माहौल देखते ही बन रहा था।

कमांडेंट भवेश चौधरी द्वारा शहीद स्मारक पर सलामी

कमांडेंट का संबोधन- उनका बलिदान सदैव प्रेरणा रहेगा
कमांडेंट भवेश चौधरी ने कहा कि ताड़मेटला हमला भारतीय सुरक्षा बलों के इतिहास का अत्यंत भावुक अध्याय है। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी जवानों ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कमांडेंट ने अधिकारियों और जवानों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ देश सेवा जारी रखने का आह्वान किया।

शहीदों को पुष्पांजलि, अमर रहे के नारे गूंजे
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। सभी जवानों ने एक स्वर में “अमर रहे!” के नारे लगाए, जिससे वातावरण में गहरा देशभक्ति भाव उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में राष्ट्र सेवा और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

देश की एकता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। इस अवसर पर कमल सिंह मीणा उप प्रभागीय न्यायाधीश और अमर सिंह मीणा सहा.कमा. एवं अधीनस्थ अधिकारी सहित कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे और उन्होंने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।