Logo
खरोरा में ब्लॉक कांग्रेस ने भरत देवांगन हाईस्कूल में बिना अनुमति पेड़ों की कटाई का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

सूरज सोनी - खरोरा। छत्तीसगढ़ के खरोरा स्थित पीएम श्री भरत देवांगन हाईस्कूल में हाल ही में हुई पेड़ों की कटाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खरोरा ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कड़ी आपत्ति जताई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेड़ों की कटाई बिना किसी वैध अनुमति और बिना उचित कारण के की गई है, जो नियमों का उल्लंघन है।

15-20 वर्ष पहले लगाए गए थे सैकड़ों पेड़
ज्ञापन में बताया गया कि स्कूल परिसर में 15 से 20 वर्ष पहले जनप्रतिनिधियों, स्कूल स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने सागौन, खैर और अन्य प्रजातियों के पेड़ों का पौधारोपण किया था। ये पेड़ अब बड़े हो चुके थे और स्कूल की सुंदरता, छांव और स्वच्छ वातावरण का आधार बन चुके थे।

kharora school tree

बिना अनुमति की गई कटाई पर आपत्ति
ब्लॉक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शाला विकास समिति ने इन पेड़ों की कटाई बिना उचित कारण बताए कर दी और न ही वन विभाग या शिक्षा विभाग से कोई अनुमति ली गई। सरकार जहाँ 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियान चला रही है, वहीं सरकारी स्कूलों में ही पेड़ काटे जाना बेहद विरोधाभासी बताया गया।

कटी लकड़ियाँ कहां गईं? कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस कमेटी ने यह भी सवाल उठाया कि कटे हुए पेड़ों का क्या किया गया, संबंधित विभागों- तहसील, वन एवं शिक्षा विभाग को इसकी पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पेड़ कटाई में शामिल समिति या व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, अन्यथा ब्लॉक कांग्रेस द्वारा तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

kharora tree cut

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खरोरा के अध्यक्ष अश्वनी वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पार्षद डॉ. सुरेंद्र गिलहरे, पूर्व उपाध्यक्ष नगर पंचायत पन्ना देवांगन, पूर्व पार्षद कपिल नशीने, ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय प्रभारी धनेश वर्मा, मीडिया प्रभारी भानुप्रताप भट्ट, पार्षद प्रतिनिधि छबिला सेन, परमेश्वर नायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

5379487