कवर्धा जिले में 8 बंदरों की रहस्यमयी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, सभी बंदर एक-एक कर पेड़ से गिरे। 

महेश मिश्रा- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा के कुई क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां गुरुवार शाम कदम के पेड़ पर बैठे 8 बंदर अचानक एक-एक कर नीचे गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदर पेड़ पर सामान्य रूप से बैठे हुए थे, तभी अचानक वे गिरने लगे। पास स्थित कॉलेज के अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

अधिकारीयों ने लिया स्थिति का जायजा 
सूचना मिलते ही पंडरिया के अनुविभागीय अधिकारी सुयेश दिवान, रेंजर पल्लवी, डिप्टी रेंजर संतोष सोनी, वन रक्षक जितेंद्र चंद्राकर एवं पांडातराई रेंज के अधिकारी कय्यूम खान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। 

शुक्रवार को हुआ मृत बंदरों का पोस्टमार्टम
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, मौके पर 7 बंदरों की मौत हो चुकी थी, जबकि 8वां बंदर भी मृत अवस्था में पाया गया। शुक्रवार को वाइल्ड लाइफ डॉक्टरों की टीम द्वारा सभी मृत बंदरों का पोस्टमार्टम किया गया।