संजय यादव - कवर्धा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा के अंतर्गत कार्यरत कवर्धा क्षेत्र में इस वर्ष शिवभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कामठी ग्राम में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा सहित हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए और पार्थिव शिवलिंगों पर रुद्राभिषेक कर महादेव से मंगलकामनाएँ कीं। पूरे क्षेत्र में 'हर हर महादेव' की गूंज वातावरण को भक्तिमय बनाती रही।
सामूहिक रुद्राभिषेक में उमड़ी अभूतपूर्व भीड़
महाशिवरात्रि के लिए किए गए इस भव्य आयोजन में 700 से अधिक विवाहित जोड़ों और श्रद्धालुओं ने 151 पार्थिव शिवलिंगों पर विधि-विधान से सामूहिक रुद्राभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-विधि के साथ शिवआराधना का यह अनूठा दृश्य पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भरता रहा। इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने स्वयं पूजा-अर्चना में सम्मिलित होकर क्षेत्रवासियों के साथ शिवभक्ति का यह पावन उत्सव मनाया।
विधायक ने व्यक्त किया आभार, दी शुभकामनाएँ
आयोजन में पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया और महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि, कामठी ग्राम और आसपास के क्षेत्रों की सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं भक्तों को प्रसाद वितरित कर शिवभक्ति के इस उत्सव को साझा किया।
आदिवासी परिवारों की उपस्थिति ने बढ़ाई गरिमा
इस आयोजन में नेऊर और दमगढ़ से आए आदिवासी परिवार भी शामिल हुए, जिन्होंने विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में पुनः घर वापसी की थी। इन परिवारों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से और भी विशेष बना दिया।
10,000 भक्तों के लिए भंडारा एवं महाप्रसादी
दिनभर चले कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आए लगभग 10,000 भक्तों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर महाशिवरात्रि के इस पवित्र आयोजन को दिव्यता के साथ अनुभव किया। उत्सव में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सभी की बड़ी संख्या उपस्थित रही, जिससे गाँव का हर कोना भक्ति और आस्था से भर गया।
भक्तिमय भजन-संध्या से गूंजा वातावरण
आयोजन के अंत में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी भजन गायक अनुराग शर्मा ने अपनी प्रस्तुति से क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनके द्वारा गाए गए शिव भजनों पर श्रद्धालु घंटों तक मंत्रमुग्ध होकर झूमते रहे। भजनों और जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
