गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नगर से लगे ग्राम नंदनमारा में हड़कंप मच गया। जब अचानक तेंदुओं का एक जोड़ा नजर आया। नेशनल हाईवे के पास तेंदुओं की मौजूदगी से गांव में दहशत फैल गई और राहगीरों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि तेंदुए भोजन की तलाश में यहां पहुंचे थे।
राहगीरों ने बनाया वीडियो
मिली जानकारी के अनुसार, मुर्गे और मछली के अपशिष्ट के कारण तेंदुओं का जोड़ा गांव की ओर आकर्षित हुआ। जैसे ही लोगों की नजर इन पर पड़ी, वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तेंदुओं की मौजूदगी से लोगों की बढ़ी चिंता
घटना कांकेर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नंदनमारा की है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी देखी गई है। लेकिन इस बार नेशनल हाईवे के पास तेंदुओं की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
तेंदुए ने कोठे में बंधे मवेशी का किया शिकार
वहीं एक महीने पहले ही कांकेर जिले में शहर से सटे ग्राम ठेलकाबोड़ में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली। शुक्रवार रात एक तेंदुआ गांव में घुस आया और एक मवेशी को अपना शिकार बनाने की कोशिश की। मवेशी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर तेंदुए को वहां से खदेड़ दिया।
पहले भी बना चुका है मवेशियों को शिकार
गौरतलब है कि, इससे पहले भी इस गांव में तेंदुआ कई बार दिखाई दे चुका है और मुर्गे, कुत्तों सहित कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। लंबे समय से तेंदुए की सक्रियता के चलते गांव में भय का माहौल बना हुआ है।