haribhoomi hindi news
कांकेर जिले में 8 लाख की इनामी डीवीसीएम रैंक की महिला नक्सली मासे बारसा ने छिंदपदर के जंगलों से निकलकर AK-47 के साथ आत्मसमर्पण किया।

गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। देर रात डीवीसीएम रैंक की महिला नक्सली मासे बारसा ने एके-47 रायफल के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। मासे बारसा पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह छिंदपदर गांव के जंगलों से निकलकर मुख्यधारा में शामिल होने के लिए स्वयं सामने आई।

मिली जानकारी के अनुसार, लगातार बढ़ते पुलिस और सुरक्षा बलों के दबाव, साथ ही शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मासे बारसा ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पण के दौरान उसने अपने पास मौजूद एके-47 हथियार भी सौंप दिया। 

डीवीसीएम स्तर की सक्रिय सदस्य थी बारसे
बताया जा रहा है कि, मासे बारसा संगठन में डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी मेंबर) स्तर की सक्रिय सदस्य थी और कई नक्सली गतिविधियों में उसकी भूमिका रही है। उसके सरेंडर को नक्सल संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। गौरतलब है कि, एक दिन पहले ही डीवीसीएम रैंक के नक्सली मल्लेश ने भी कांकेर पुलिस और बीएसएफ के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। 

DVCM नक्सली मल्लेश ने AK-47 के साथ किया आत्मसमर्पण
वहीं बुधवार को कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से सक्रिय डीवीसीएम रैंक के माओवादी मल्लेश ने कांकेर पुलिस और बीएसएफ के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। वह एके-47 रायफल के साथ छोटेबेठिया थाना पहुंचा और ग्रामीणों की मौजूदगी में हथियार डाल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, डीवीसीएम (डिवीजनल कमेटी मेंबर) रैंक का सक्रिय माओवादी मल्लेश ग्रामीणों के साथ कांकेर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के समक्ष उपस्थित हुआ। बताया जा रहा है कि, वह लंबे समय से नक्सली संगठन में सक्रिय था। फिलहाल, आगे की कार्यवाही में पुलिस जुट गई है। 

7