कांकेर जिले में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष ईश्वर कावड़े के ढाबे में अवैध शराब बिक रही थी। पुलिस ने दबिश देकर अवैध शराब को जब्त किया है।

गौरव श्रीवास्तव- कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष ईश्वर कावड़े के ढाबे में अवैध शराब बिक रही थी। पुलिस ने दबिश देकर अवैध शराब को जब्त किया है। भाजपा नेता ईश्वर कावड़े की पत्नी कांकेर जनपद की अध्यक्ष हैं। नशे को लेकर भाजपा पर लगातार लगते आरोप के बीच एक और मामला सामने आया है। 

खरोरा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ शहर में निकाली रैली 
उल्लेखनीय है कि, खरोरा में अवैध शराब बिक्री एवं नशीली पदार्थों को रोकने के लिए नगर पंचायत के अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी के नेतृत्व में रैली निकाली गई थी। नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने अवैध बिक्री को रोकने के लिए महिलाओं ने एक कदम उठाया। नगर खरोरा में पूर्ण रूप से अवैध बिक्री रोकने के लिए नगर में स्थानीय अवैध शराब बेचने वाले को चेतावनी देते हुए उचित कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है। नगर खरोरा के महिलाएं व बच्चे इस अभियान में जुड़े हुए थे। नगर पंचायत के पार्षदों के द्वारा अपने वार्ड में महिलाओं  को इकट्ठा कर विशाल रैली का आयोजन किया गया। 

नगर पंचायत अध्यक्ष ने जताई नाराजगी 
नगर पंचायत खरोरा के अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी ने कहा कि अवैध शराब बिक्री होने से नगर का माहौल खराब हो रहा है। गांव में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से शराब की बिक्री एवं खुलेआम शराब का सेवन किया जा रहा है। नशा मुक्ति अभियान के प्रदेश संयोजक वेदराम मनहरे ने कहा कि नगर पंचायत खरोरा के अवैध शराब बिक्री के कारण नशेड़ियों द्वारा नशे की हालत में आए दिन लड़ाई झगड़ा होना, अश्लील गालियां देना आम बात हो गई है। इसे रोकने के लिए आम सहमति के पश्चात नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षदों के आह्वान पर यह कदम उठाया गया है। नशेड़ियों की इस प्रकार की हरकत से नगर का वातावरण दूषित हो रहा है।