haribhoomi hindi news
झारखंड के ओरमांझी क्षेत्र में 14 फरवरी की तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बनगांव निवासी ईश्वर यादव की मौत हो गई। 

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बनगांव का एक युवक झारखंड में हुए सड़क हादसे का शिकार हो गया। 14 फरवरी की सुबह लगभग 4:30 बजे ओरमांझी क्षेत्र में राष्ट्रिय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय ईश्वर यादव उर्फ छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। 

मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिला अंतर्गत बनगांव निवासी ईश्वर यादव टमाटर लोड कर पिकअप वाहन से झारखंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुबह राष्ट्रिय राजमार्ग पर उनकी पिकअप आगे खड़े सरिया (लोहे की छड़) से लदे एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, पिकअप वाहन सीधे ट्रक में घुस गया और लोहे की छड़ें वाहन को चीरते हुए अंदर तक पहुंच गईं। 

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
हादसे में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक बुरी तरह उसमें फंस गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ- ग्रामीण
ग्रामीणों के अनुसार, लगातार ड्राइविंग के कारण संभवतः चालक को नींद की झपकी आ गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ईश्वर यादव, जिसे गांव में छोटू के नाम से जाना जाता था। वह मेहनती, शांत स्वभाव और मिलनसार युवक था। 

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
गौरतलब है कि, वह सब्जी ढुलाई कर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। लेकिन इस हादसे ने एक पल में परिवार की खुशियां छीन लीं। वहीं जैसे ही हादसे की खबर जशपुर जिले के बनगांव पहुंची, गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

7