जशपुर जिले के पत्थलगांव वन क्षेत्र में 11 हाथियों के दल ने भद्रापारा गांव में उत्पात मचाते हुए तीन घरों को नुकसान पहुंचाया और फसलों को बर्बाद कर दिया। 

अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में इन दिनों हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। तिलडेगा ग्राम पंचायत के भद्रापारा में बीती रात ग्यारह हाथियों का दल रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। 

दरअसल, पिछले एक माह से 11 हाथियों का दल इलाके में डेरा जमाए हुए है बीती रात ये दल भद्रापारा पहुंचा और तीन घरों को तोड़ दिया घर में रखा अनाज को भी हाथियों ने चट कर लिया। इतना ही नहीं, हाथियों ने खेतों में लगी टमाटर, केला और प्याज की फसलों को भी बर्बाद कर दिया। जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। 

नुकसान का आकलन शुरू
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। वन विभाग का अमला पूरी रात हाथियों की निगरानी करता रहा। वन विभाग के द्वारा ग्रामीणों को लगातार समझाइश दी जा रही है कि, वे हाथियों से दूर रहें और जंगल की ओर न जाएं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। 

वन विभाग ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि, हाथी देखने के लिए जंगल या उनके नजदीक जाने की कोशिश न करें। क्योंकि जरा सी लापरवाही बड़ी घटना को न्योता दे सकती है। फिलहाल, गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और वन विभाग की टीम लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।