खुर्शीद कुरैशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में वरिष्ठ जननेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमार दिलीप सिंह जूदेव की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जूदेव के योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि कुमार दिलीप सिंह जूदेव भारतीय राजनीति में राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक गौरव और जनसेवा के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और विशेषकर आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा तथा उनके सम्मान को स्थापित करने के लिए समर्पित किया।
कृष्ण कुमार राय ने कहा कि, कुमार साहब का व्यक्तित्व न केवल राजनीतिक नेतृत्व का उदाहरण था, बल्कि वह साहस, सादगी और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा के प्रतीक भी थे। उन्होंने कहा कि, आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी उनके आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए।
संगठन के प्रति निष्ठा का प्रेरक उदाहरण
माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि, जूदेव जी का जीवन सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया।
समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण
इस अवसर पर जूदेव परिवार की ओर से उनकी छोटी बहू संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव ने कहा कि, कुमार साहब का जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल है। उनके विचार और आदर्श हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
समाज सेवा और संस्कारों की अमूल्य विरासत
जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जूदेव जी के पोते शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि, उनके दादा का जीवन समाज सेवा और संस्कारों की अमूल्य विरासत है। उन्होंने सदैव समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा कि, कुमार साहब का व्यक्तित्व और उनके आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
ये रहे उपस्थित
उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि, जयंती समारोह में प्रतिमा स्थल पर जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, देवधन नायक, राजू गुप्ता, दीपक चौहान, रूपेश सोनी, मुकेश सोनी, रामशंकर गुप्ता, शरद चौरसिया, रागिनी भगत, मानू सोनी, सज्जू खान, आशु राय, नागेंद्र भगत, प्रतिमा भगत, नीतू गुप्ता, शैलेन्द्री यादव, विजय सहाय, दीपक सिंह, अभिषेक गुप्ता, सुरेंद्र यादव, रूपेश सिंह, प्रकाश नायक सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।