Logo
धमतरी जिले के बोडरा गांव के 400 से 500 एकड़ खेतों में अचानक आग लग गई। किसानों इन खेतों में चना, अरहर, सरसों और लाखड़ी की फसल लगाई थी।

सौम्या यादव-धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम बोडरा से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां किसानों के खेतों में लगी भीषण आग ने सैकड़ों एकड़ फसल को पलभर में राख कर दिया। आगजनी की इस घटना ने किसानों की साल भर की मेहनत को बर्बाद कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बोडरा में अचानक खेतों में आग लग गई जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस आग की चपेट में करीब 400 से 500 एकड़ खेत आ गए। इन खेतों में किसानों ने चना, अरहर, सरसों और लाखड़ी की फसल लगाई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि, किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और लाखों रुपये की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। जैसे ही किसानों को खेतों में आग लगने की खबर लगी वे तुरंत खेतों की ओर दौड़ पड़े और अपने अपने मोटर पंप की मदद से आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। 

खेतों तक नहीं पाया दमकल वाहन
इस बीच फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन चारों तरफ खेतों में सूखी फसल होने के कारण आग पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया। इधर किसानों के बीच आग को लेकर वाद- विवाद की स्थिति भी निर्मित हो गई। उस दौरान थोड़ी धक्का- मुक्की भी हुई और आरोप- प्रत्यारोप भी लगने लगे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। वहीं कड़ी मशक्कत के बाद किसानों ने आस पास के खेतों में लगे मोटर पंप की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सैकड़ों एकड़ फसल जलकर राख हो चुकी थी। 

किसानों को हुआ भारी आर्थिक नुकसान
कुछ जगहों पर खबर लिखे जाने तक भी आग की चिंगारियां और धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना से किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि, उन्होंने कड़ी मेहनत और उम्मीद के साथ फसल बोई थी, लेकिन आग ने उनकी पूरी मेहनत को पलभर में खत्म कर दिया। अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

सरकारी मदद की दरकार
किसानों ने इस आगजनी की घटना को संदिग्ध बताते हुए शासन प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। साथ ही अगर किसी असामाजिक तत्व की भूमिका सामने आती है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की है। फिलहाल प्रशासन से जांच और राहत की उम्मीद लगाए किसान अब अपनी जली हुई फसल के बीच खड़े होकर मदद का इंतजार कर रहे हैं।

5379487