जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत। नारायणपुर क्षेत्र की घटना के बाद गांव में दहशत, ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई है। सुबह-सुबह दातून तोड़ने जंगल गए एक 83 वर्षीय बुजुर्ग की जंगली हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र में आज सुबह एक दुखद हादसा हो गया, जब गांव के 83 वर्षीय बुजुर्ग रोज की तरह जंगल दातून तोड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने बुजुर्ग पर हमला कर उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पूरे गांव में भय का माहौल
बताया जा रहा है कि, क्षेत्र में पहले से ही हाथियों की मौजूदगी को लेकर वन विभाग द्वारा चेतावनी जारी की गई थी, बावजूद इसके बुजुर्ग जंगल चले गए और यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों में भय का माहौल है और उन्होंने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि
वहीं, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत के तौर पर मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)