अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। क्षेत्र के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व बीजेपी विधायक जागेश्वर राम भगत का निधन हो गया है। 77 वर्ष की उम्र में उन्होंने जिला अस्पताल जशपुर में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि, उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
जागेश्वर राम भगत जनप्रतिनिधि होने के साथ समाज सेवा में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे वनवासी कल्याण आश्रम सरहुल समिति के अध्यक्ष के रूप में लंबे समय से आदिवासी समाज के उत्थान के लिए कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार और समर्पित नेता के रूप में याद कर रहे हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जशपुर के पूर्व विधायक श्री जगेश्वर राम भगत जी के आकस्मिक निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 5, 2026
वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं वनवासी कल्याण आश्रम के समर्पित कार्यकर्ता थे। उनका संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान और सेवा के लिए समर्पित रहा।… pic.twitter.com/p2WTxHZ3rj
सीएम साय ने जताया गहरा शोक
पूर्व विधायक के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया में अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। जागेश्वर राम भगत के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और समर्थकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि, उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









