मुकेश बैस- जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के कोटगढ़ क्षेत्र से बड़ी घटना सामने आई है। अकलतरा-बलौदा मेन रोड पर सुबह करीब 5 बजे तीन तेज रफ्तार ट्रेलरों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि, एक ट्रेलर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर में लगी भीषण आग पर काबू पाया। 

पिकअप वाहन ने दो बाइक सवारों को कुचला
वहीं रविवार को सूरजपुर जिले से सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के सुतिया नाला के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दो और लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साई भीड़ ने पिकअप चालक की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि वह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। 

मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन दो बाइक सवारों को कुचलते हुए आगे निकल गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, एक बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। 

एक माह पहले ही पुलिस ने जब्त किया था वाहन
बताया जा रहा है कि, हादसे में शामिल पिकअप वाहन को कुछ माह पहले अवैध धान परिवहन के मामले में पुलिस ने जब्त किया था। लगभग एक माह बाद थाने से अवैध धान लेकर पीकअप चालक वापस अपने घर की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

फरार चालक की तलाश जारी
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीकअप वाहन को जप्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।