पंकज गुप्ते- बिलासपुर। जग्गी हत्याकांड को लेकर आज गुरुवार 2 अप्रैल को हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के बाद अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाईकोर्ट ने अमित जोगी को सरेंडर करने का आदेश दिया है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिविजन बेंच ने यह फैसला दिया है।
उल्लेखनीय है कि, इस मामले में सीबीआई ने 11,000 पन्नों की जांच रिपोर्ट पेश की थी, जिसमें अमित जोगी के खिलाफ भी चार्ज लगा है। कोर्ट ने पहले अमित जोगी को इस केस में बरी कर दिया था, लेकिन अब दोबारा ओपन किया गया।
सुनवाई शुरू होने के कुछ देर में ही कोर्ट ने तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दे दिया। इसके बाद माना जा रहा है कि, अब अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उल्लेखनीय है कि, साल 2003 में राकांपा नेता राम अवतार जग्गी की राजधानी रायपुर में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्याकांड में 2007 में 28 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में आरोपी पूर्व सीएम अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को बरी कर दिया गया था। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस मामले को रिओपन कर फिर से सुनावाई हो रही है। बुधवार को HC में चीफ जस्टिस की डिविजन बेंच में मामले की सुनवाई हुई।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुआ रिओपन
उल्लेखनीय है कि, 2 साल पहले रामावतार जग्गी हत्याकांड के दोषियों की अपील डिवीजन बेंच ने खारिज कर दी थी। कोर्ट ने उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में CBI की अपील को स्वीकार करते हुए मामले को फिर से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में भेजने का निर्देश दिया था।