जीवानंद हलधर - जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-विशाखापट्टनम कोथावलासा-किरंदुल (केके) मार्ग पर लौह अयस्क से भरी मालगाड़ी अचानक पटरी से उतर गई। घटना कोरापुट स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास हुई, जहां मालगाड़ी के तीसरे इंजन के तुरंत बाद लगे दो डिब्बे पटरी से नीचे गिर गए। हादसे के बाद रेलवे प्रशासन और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गया।
कोरापुट आउटर सिग्नल के पास गुजर रही मालगाड़ी अचानक झटके के साथ लुढ़कने लगी और देखते ही देखते पीछे के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। चूंकि ट्रेन लौह अयस्क से लदी थी, वजन के कारण डिब्बों का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। तेज आवाज सुनकर रेलवे कर्मी और आसपास मौजूद कर्मचारी तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़े।
एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन ने संभाला मोर्चा
डी-रेलमेंट की जानकारी मिलते ही एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) की टीम मौके पर रवाना हुई। राहत दल ने डिब्बों को वापस पटरी पर चढ़ाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया।
ट्रेन जा रही थी विशाखापट्टनम
घटना के समय मालगाड़ी जगदलपुर से विशाखापट्टनम की ओर जा रही थी। लौह अयस्क से भरे डिब्बों का वजन अधिक होने के कारण पटरी पर दबाव बढ़ना भी जांच के दायरे में है।
रेल यातायात प्रभावित
डी-रेलमेंट के कारण केके रेलमार्ग पर कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा। रूट पर आने वाली कई ट्रेनें धीमी गति से या रोककर चलानी पड़ीं। राहत कार्य पूरा होते ही पटरी को फिर से सुरक्षित घोषित किया गया।









