आईपीएल का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है और इसी के साथ रायपुर में होने वाले दो मैचों की तारीखों को लेकर बना सस्पेंस भी इस हफ्ते खत्म हो जाएगा।

रायपुर। आईपीएल का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है और इसी के साथ रायपुर में होने वाले दो मैचों की तारीखों को लेकर बना सस्पेंस भी इस हफ्ते खत्म हो जाएगा।
आईपीएल के मैचों का दूसरा शेड्यूल इसी हफ्ते जारी होने वाला है, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा कि रायपुर के मैदान पर आरसीबी के साथ कौन सी टीम खेलने वाली है। वर्तमान टाइम टेबल और संभावनाओं के मुताबिक आरसीबी के साथ मुकाबला करने के लिए राजस्थान रॉयल्स, हैदराबाद या चेन्नई की टीम रायपुर आ सकती है और पूरी उम्मीद है कि ये मैच 25 अप्रैल के बाद ही आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले बीसीसीआई ने 11 मार्च को फेज 1 का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें 28 मार्च से 12 अप्रैल के बीच होने वाले केवल 20 मैचों को शामिल किया गया था। 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह तय किया है कि इस बार भी टूर्नामेंट में कुल 74 मैच ही खेले जाएंगे। शुरुआती शेड्यूल में कम मैचों की घोषणा का मुख्य कारण विधानसभा चुनावों की तारीखों का इंतजार था। अब जबकि चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है, तो उन राज्यों में जहां आईपीएल मैच होने हैं, वोटिंग के दिनों में कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। इसी वजह से चेन्नई में 23 अप्रैल, कोलकाता में 23 और 29 अप्रैल, और गुवाहाटी में 9 अप्रैल को कोई मैच नहीं होगा। इस सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।  

स्टेडियम में बढ़ेंगी वीआईपी सीटें
आगामी मैचों के दौरान दर्शकों के लिए वीआईपी सुविधाओं में इजाफा होने जा रहा है। गोल्ड और प्लैटिनम श्रेणी की सीटों में पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी, जिससे मैच देखने का अनुभव और भी शानदार हो जाएगा। वी आईपी सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है, जिसके तहत गोल्ड और प्रीमियम टिकट वाली सीटों की संख्या जल्द ही बढ़ाई जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक इन श्रेणियों में मैच का लुत्फ उठा सकें। हालांकि स्टेडियम की वर्तमान बैठक व्यवस्था में नई सीटें जोड़ने की गुंजाइश काफी सीमित है, फिर भी आधा दर्जन से अधिक नई सीटों की विशेष व्यवस्था बनाने पर काम कर रहा है।

सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा पर विशेष जोर
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के मुताबिक, अप्रैल के अंत में रायपुर को दो मैचों की मेजबानी मिलने की पूरी उम्मीद है। आईपीएल का दूसरा शेड्यूल जारी होने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मैनजेमेंट टीम एक बार फिर रायपुर आएगी और स्टेडियम में चल रही तैयारियों का जायजा लेकर अपनी अंतिम रूपरेखा तैयार करेगी। इस बार के आईपीएल में दर्शकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। पिछली बार चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना से सबक लेते हुए, आरसीबी प्रबंधन इस बार दर्शकों के लिए ऐसी पुख्ता और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दे रहा है जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भगदड़ की स्थिति पैदा न हो।