रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री के संलग्नीकरण समाप्ति के आदेश से सालों से मुख्यालयों में आराम की नौकरी करने वाले डॉक्टरों सहित अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। जारी आदेश के मुताबिक उन्हें मुख्यालयों की नौकरी छोड़कर स्वास्थ्य केंद्रों में लौटना होगा। अलग-अलग जिलों में अनेक डॉक्टर ऐसे हैं, जो प्रशासनिक दिलचस्पी के कारण अपना मूल काम छोड़ चुके हैं। इन डॉक्टरों सहित अन्य कर्मचारियों का पदस्थापना स्थल जाने के लिए अब तक रिलीव आर्डर जारी नहीं किया जा सका है।
स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी और सीएमएचओ कार्यालयों, स्वास्थ्य संचालनालय, चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में बड़ी संख्या में डाक्टर काम कर रहे हैं। इनकी पोस्टिंग विभिन्न शासकीय अस्पताल अथवा स्वास्थ्य केंद्रों में है, मगर अटैचमेंट के जरिए वे अपना मूल पेशा छोड़कर अन्य कामकाज में दिलचस्पी ले रहे हैं। पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संलग्नीकरण समाप्त करने की घोषणा की थी।
रायपुर जिले में पचास से ज्यादा अटैच
रायपुर जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में भी पचास से ज्यादा कर्मचारी अटैचमेंट में अपना काम कर रहे हैं। इनमें वे डाक्टर भी शामिल हैं जिनकी पोस्टिंग स्वास्थ्य केंद्रों में है और वे मरीजों का इलाज करने के बजाए मुख्यालय में अटैचमेंट लेकर अपने मूल पेशा से दूर हो चुके हैं। राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का नोडल बनकर वे अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहे हैं।
हमर क्लीनिक का स्टाफ भी
रायपुर जिले में करीब सत्तर हमर क्लीनिक की स्थापना की जानी है। काफी कोशिशों के बाद पचास क्लीनिक बने हुए हैं, जहां डाक्टर और अन्य स्टाफ अपनी सेवा दे रहे हैं। जिन हमर क्लीनिक को अस्तित्व में आना है, वहां के स्टाफ को फिलहाल दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों में अटैचमेंट में रखा गया है। जारी आदेश के बाद इन्हें भी अपने पदस्थापना स्थल पर लौटना होगा जो अभी अस्तित्व में नहीं है।
नियमानुसार कार्यवाही
रायपुर सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि, अटैचमेंट के मामले में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। मुख्यालयों सहित अन्य स्थानों पर पदस्थ चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ को मूल पदस्थाना स्थल पर भेजा जाएगा।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









