haribhoomi hindi news
अभनपुर थाना क्षेत्र में पाकिस्तान मूल के युवक की अधमरा होते तक पिटाई करने के बाद जिंदा दफानाने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 

रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र में पाकिस्तान मूल के युवक की अधमरा होते तक पिटाई करने के बाद जिंदा दफानाने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग तथा एक युवती शामिल है। हत्या के संदेही के अचानक गायब होने पर पुलिस को उस पर संदेह गहराया, इसके बाद पुलिस ने उसकी पतासाजी कर गिरफ्तारी की। हत्या का कारण मुख्य आरोपी की प्रेमिका के साथ मृतक का एक तरफा प्यार था। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।

पूरे मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने बताया कि नितेश बत्रा (29) की हत्या के आरोप में बोरियाकला निवासी श्याम सुंदर सोनी (21), अभनपुर, भरेंगाभाठा निवासी सुमित कोसले (21), माना टेमरी निवासी सावित्री साहू (21) तथा दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या का मुख्य आरोपी श्याम सुंदर है। सुमित कोसले श्याम सुंदर का दोस्त है। दो अन्य नाबालिग श्याम सुंदर के यहां काम करते थे। बदमाशों ने 16 मार्च को नितेश की हत्या की थी।

नवागांव ले जाकर जिंदा दफनाया
सावित्री के उकसाने पर श्याम सुंदर ने मौके से एक लकड़ी का डंडा लेकर नितेश के सिर पर दो वार किया और उसके साथ मारपीट की। इस पर सावित्री ने नितेश को जान से मारने के लिए कहा। तब श्याम सुंदर ने अपनी थोक सब्जी दुकान में काम करने वाले दोनों नाबालिग तथा अपने साथी को कॉल कर घटना स्थल आने कहा। इसके बाद सावित्री को छोड़ सभी नितेश को ऑटो में जबरन बैठाकर अपने साथ नवागांव की तरफ ले गए। एक बदमाश ने नितेश की स्कूटी को रास्ते में एक पुल के नीचे फेंक दिया। चारों ने सूनसान रास्ते में एक तालाब के पास नितेश को ऑटो से नीचे उतारा, इसके बाद गमछा से उसका गला घोटा। गला घोटने से नितेश बेहोश हो गया। बदमाश उसे मरा हुआ समझ कर बेहोशी की हालत में जमीन में गड्डा खोद कर जिंदा दफन कर दिया। जमीन में दफन करने से दम घुटने से नितेश की मौत की पुष्टि पीएम रिपोर्ट में हुई है।

युवती ने श्याम सुंदर को हत्या करने उकसाया
घटना दिनांक को श्याम सुंदर अपनी प्रेमिका सावित्री से मिलने उसके घर गया था। इस दौरान नितेश श्याम सुंदर तथा सावित्री को देखने लगा। इस पर श्याम सुंदर ने आपत्ति जताते हुए नितेश के साथ गाली-गलौज की। इस बीच सावित्री ने श्याम सुंदर को बताया कि नितेश उससे एकतरफा प्यार करता है और उसे घूर-घूर कर देखता है। इतना कहने के साथ सावित्री ने श्याम सुंदर को नितेश को मारने दबाव बनाया।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7