लोकसभा चुनाव पर होगा महामंथन : साय मंत्रिमंडल समेत सांसद और पदाधिकारी जाएंगे राष्ट्रीय अधिवेशन में दिल्ली

Chief Minister Vishnudev Sai, State President Kiran Dev
X
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय - प्रदेश अध्यक्ष किरण देव
भाजपा ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए ही अपना राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में 17 और 18 फरवरी तो तय किया है। इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी तैयारी प्रारंभ कर दी है।

रायपुर। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर महामंथन करने के लिए देश भर के सभी सांसद, विधायकों और राज्यों के पदाधिकारियों के लिए दिल्ली में राष्ट्रीय अधिवेशन करने का फैसला किया है। 17 और 18 फरवरी को होने वाले अधिवेशन में छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उनका पूरा मंत्रिमंडल, सभी विधायक, सांसद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी, जिलाध्यक्षों को मिलाकर करीब तीन सौ लोग दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। भाजपा ने इस बार लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी तैयारी प्रारंभ कर दी है।

लोकसभाओं को 146 कलस्टरों में बांटने के बाद हर राज्य में लोकसभा की तैयारी तेज कर दी गई है। छत्तीसगढ़ में भी लगातार लोकसभा चुनाव को लेकर बैठकों का दौर चल रहा है। कलस्टर के प्रभारियों, लोकसभा के प्रभारी, सह प्रभारी, संयोजक और सह संयोजकों के बाद पर्यवेक्षक भी तय हो गए हैं। अब इस माह विधानसभा के भी प्रभारी और सह प्रभारी तय होंगे साथ ही कई समितियों का गठन करके भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

दिल्ली में जुटेंगे देशभर के नेता

भाजपा ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए ही अपना राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में 17 और 18 फरवरी तो तय किया है। शनिवार और रविवार को अधिवेशन रखने के पीछे का कारण यह है कि इस समय छत्तीसगढ़ के साथ ही और कई राज्यों में राज्य सरकारों का बजट सत्र चल रहा है। ऐसे में राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के साथ विधायकों को अधिवेशन में पहुंचने में परेशानी न हो इसलिए सोचकर तारीख तय की गई है। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा ने बताया, अधिवेशन की जानकारी आई है। अपने राज्य से करीब तीन सौ की संख्या में विधायक, सांसद, प्रदेश के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष जाएंगे।

लोकसभा पर होगा फोकस

अधिवेशन में संगठन को लेकर चर्चा के साथ अहम चर्चा लोकसभा चुनाव को लेकर होगी। जानकारों का कहना है कि संभावना यही है कि अधिवेशन से पहले लोकसभा के प्रत्याशियों की पहली सूची भी घोषित हो जाएगी। अधिवेशन में लोकसभा चुनाव में क्या-क्या करना है किस तरह से जीतना है, इसको लेकर राष्ट्रीय नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा। इसी के साथ संगठन की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा होगी। अधिवेशन से पहले देश भर में गांव चलो घर-घर चलो अभियान भी पूरा हो जाएगा। इसकी पूरा फीड बैक भी सभी राज्यों से अधिवेशन में राष्ट्रीय संगठन को मिल जाएगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story