गरियाबंद की सहायक शिक्षक पदमजा गुप्ता को शिक्षा में नवाचार और एफएलएन कार्यों के लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान मिला।

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला अंतर्गत गरियाबंद विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला कामेपार की सहायक शिक्षक पदमजा गुप्ता ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और एफएलएन एवं नवाजतन गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान से पूरे जिले का मान बढ़ाया है। उन्हें दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

राज्य स्तरीय समारोह में हुआ सम्मान
दुर्ग जिले में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने पदमजा गुप्ता सहित चयनित शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से पहुंचे शिक्षकों ने अपनी उपलब्धियां साझा कीं।

72000 शिक्षकों में से केवल 100 का चयन
राज्य स्तरीय एफएलएन-नवाजतन वॉरियर सम्मान के लिए पूरे छत्तीसगढ़ के 72,000 शिक्षकों ने वेब लिंक के माध्यम से अपनी गतिविधियां, नवाचार और चुनौतियों का विवरण अपलोड किया था। डीआईईटी टीम एवं एससीईआरटी की राज्य टीम द्वारा बहु-स्तरीय मूल्यांकन और ऑनलाइन साक्षात्कार के बाद 100 शिक्षकों का चयन किया गया, जिनमें पदमजा गुप्ता भी शामिल हैं।

शिक्षा में नवाचारों का मिला परिणाम
पदमजा गुप्ता ने अपनी शाला में एफएलएन (Foundational Literacy & Numeracy) को मजबूत बनाने, नवाजतन गतिविधियों को लागू करने और बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए। उनके कार्यों को जिले और राज्य स्तर पर सराहा गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।

बड़े स्तर पर उपस्थिति
सम्मान समारोह में एफएलएन नवाजतन रिसोर्स शिक्षक परिवार छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष आर. के. जलतारे, उप संचालक लोक शिक्षण आशीष चावरे, तथा SCERT छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।