कवर्धा जिले के रेंगाखार सर्किल अंतर्गत लावा बेरला बीट के जंगल में भीषण आग लगने से बेशकीमती पेड़-पौधे जलकर खाक हो गए और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।

संजय यादव- कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के रेंगाखार सर्किल अंतर्गत लावा बेरला बीट के जंगल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। आग इतनी भयावह थी कि बेशकीमती पेड़-पौधे जलकर खाक हो गए और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि आग अज्ञात कारणों से लगी, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के काफी देर बाद तक वन विभाग का अमला मौके पर नहीं पहुंचा। इससे विभाग की कार्यप्रणाली और लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। समय रहते आग पर काबू पाया जाता तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन वन विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 

कुछ दिनों पहले भी लगी थी आग 
उल्लेखनीय है कि, बीते कुछ दिनों पहले कांकेर जिले के बांदे वन परिक्षेत्र के नीड़दे गांव में जंगल में लगी आग ने एक किसान का घर जलाकर राख कर दिया था। आग की लपटें जंगल से होते हुए खेत तक पहुंच गईं और खेत में बने किसान के घर को अपनी चपेट में ले लिया था। देखते ही देखते कुछ ही देर में पूरा घर जलकर खाक हो गया।