haribhoomi hindi news
दुर्ग जिले में एक नाबालिग लड़के को हनीट्रैप (प्रेम जाल) में फंसाकर उसका अपहरण कर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।

भिलाई। दुर्ग जिले में एक नाबालिग लड़के को हनीट्रैप (प्रेम जाल) में फंसाकर उसका अपहरण कर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले में नाबालिग को सुरक्षित बचाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें कथित महिला व उसका पति सहित अन्य लोग शामिल हैं। महिला की उम्र 24 साल है। उसने 14 साल के नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाया।  मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण कर लिया। मुख्य आरोपी प्रार्थी का सगा भांजा निकला। पांच में से चार आरोपी रायपुर के हैं।

पुलिस के मुताबिक,  प्रार्थी के भांजे ने भरोसे का फायदा उठाते हुए पूरे वारदात को अंजाम दिया। 24 वर्षीय महिला पुष्पा साहू ने 14 वर्षीय नाबालिग को अपने प्रेमजाल में फंसाया। दोनों के बीच प्यार भरी बातें होने लगी। इसके बाद पुष्पा ने मिलने के लिए नाबालिग को सुनसान जगह बुलाया और वहीं से उसका अपहरण कर लिया गया। जैसे ही मामले की शिकायत दुर्ग पुलिस के पास पहुंची, पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए फिल्मी स्टाइल में कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

फर्जी निकाला कार नंबर, मोबाइल लोकेशन से मिला क्लू 
दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि, एसएसपी विजय अग्रवाल ने तुरंत तीन टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने कार के नंबर की जांच की तो वो फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का मोबाइल लोकेशन निकाला तो वो धमतरी मिला। दुर्ग पुलिस और धमतरी पुलिस ने मिलकर धमतरी रोड में जेसीबी खड़ा कर नाकेबांदी की। अपहरणकर्ताओं के कार की पहचान होते ही उसे रोका गया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए अपहृत बालक को सकुशल बरामद किया गया। तत्काल दें सूचना : सोशल मीडिया और अज्ञात व्यक्तियों के संपर्क में सतर्क रहें तथा हनीट्रैप जैसी घटनाओं से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो भेजकर मांगे 1 करोड़
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 12 अप्रैल को प्रार्थी ने अपने बेटे के अहरण की सूचना दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके बेटा मोटर साइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक अमलेश्वर गया था। वहां उसे कुछ आरोपियों ने बुलाया और वहां से उसका अपहरण कर लिया। घटना के बाद उन्होंने मोबाइल में फोन करके धमकी दी। उन्होंने उसके बेटे का वीडियो भेजकर उसे छोड़ने के एवज में एक करोड़ रुपए फिरौती मांगी है।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र लहरे (25 वर्ष) निवासी चंगोरा भाटा रायपुर, कृष्णा साहू उर्फ करण (28 वर्ष) निवासी चंगोरा भाटा (मास्टरमाइंड), रविंद्र लहरें (20 वर्ष) निवासी चंगोरा भाटा रायपुर, संजय साहू (25 वर्ष) निवासी अमलेश्वर और हेम पुष्पा साहू (24 वर्ष) निवासी चंगोराभाठा शामिल है।  

ऐसे रची गई थी अपहरण की साजिश
वारदात के करीब 7 दिन पहले मुख्य आरोपी संजय साहू और महिला आरोपी पुष्पा साहू के द्वारा नाबालिग को हनीट्रैप में फंसाने की योजना बनाई गई। आरोपी महिला ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में नाबालिग से संपर्क करते हुए अपने झांसे में लिया। 12 अप्रैल की दोपहर महिला ने नाबालिग को फोन कर तिरंगा चौक अम्लेश्वर मिलने के लिए बुलाया। कार के पास जाते ही नाबालिग को कार में खींच लिया गया। कार में महिला सहित चार लड़के पहले से मौजूद थे।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7