इस साल पहली अप्रैल से लेकर अगले एक साल तक राज्य में देशी शराब की कीमत नहीं बढ़ने वाली है. लेकिन अंग्रेजी शराब के मामले में फिलहाल सस्पेंस है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में देशी शराब पीने-पिलाने के शौकीनों के लिए ये खबर सुकून देने वाली है कि इस साल पहली अप्रैल से लेकर अगले एक साल तक राज्य में देशी शराब की कीमत नहीं बढ़ने वाली है. लेकिन अंग्रेजी शराब के मामले में फिलहाल सस्पेंस है। अगले तीन-चार दिनों में साफ होगा कि अंग्रेजी के रेट बढ़ेंगे या नहीं। कल 25 तारीख को इसके रेट ऑफर खुलने वाले हैं। 

देशी शराब के रेट नहीं बढ़ेंगे यह तथ्य इस जानकारी पर आधारित है कि आबकारी विभाग ने 1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए वित्तीय वर्ष के लिए शराब के नए रेट ऑफर बुलाए गए थे। सूत्रों के अनुसार इसमें पांच कंपनियों ने हिस्सा लिया था। इन कंपनियों ने अपने-अपने रेट दिए हैं। बताया गया है कि पिछले साल जो रेट प्रचलित थे, उसी प्रकार के रेट आए हैं। आबकारी विभाग ने प्रस्तावित रेट पर निगोसिएशन (मोल-भाव) भी किया है। इसी आधार पर कहा जा रहा है कि देशी के रेट नहीं बढ़ रहे हैं। आबकारी विभाग ने इस संबंध में शासन को भी जानकारी भेजी है।

देशी-विदेशी के लिए ग्लोबल टेडर आए 90 ब्रांड
इधर राज्य में अंग्रेजी और विदेशी शराब के लिए रेट आफर बुलाए जा चुके हैं। इस सौदे के लिए ग्लोबल टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। बताया गया है कि इस टेंडर में 90 ब्रांड के लिए कई देशों की कंपनियों ने रेट ऑफर दिया है। आबकारी विभाग 25 मार्च को रेट ऑफर पर कंपनियों से बात करेगा। इस दौरान कंपनियां जो रेट आफर करेंगी, उस पर आबकारी विभाग निगोसिएशन करेगा। इसके बाद रेट सामने आएंगे। इस प्रस्तावित रेट में सरकार टैक्स और सेस वगैरह जोड़ेगी। यह जोड़ने के बाद ग्राहकों के लिए फाइनल रेट तय हो जाएंगे। इस प्रक्रिया में दो-तीन दिनों का समय लगने की संभावना है। तब तक अंग्रेजी-विदेशी के शौकीनों के लिए यह सस्पेंस बना रहेगा कि उनके पसंदीदा ब्रांड की कीमत क्या होने वाली है।

प्लास्टिक का ढक्कन लिखा होगा सीजीएक्साइज
राज्य सरकार पहले ही निर्णय ले चुकी है कि 1 अप्रैल से शराब की बिक्री फाइबर की बोतल में होगी। यह अनिवार्यता देशी और अंग्रेजी शराब के लिए होगी। हालांकि अंग्रेजी और विदेशी के लिए कांच की बोतल में भी बेचने का प्रावधान रखा गया है, लेकिन इससे अलग अब रेट ऑफर की शर्तों में बदलाव के बाद ये जोड़ा गया है कि बोतल की सीलिंग कैप प्लास्टिक की होनी चाहिए। सीलिंग कैप के ऊपरी हिस्से पर अंग्रेजी में सीजी एक्साइज उभरा हुआ होना चाहिए।