श्याम किशोर शर्मा। आईएनएच-हरिभूमि के "जिला संवाद 2026" कार्यक्रम में नवापारा-राजिम को जिला बनाने की मांग उठी। छत्तीसगढ़ में साय सरकार के दो वर्ष होने पर जिले के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और जमीनी समस्याओं पर चर्चा के लिए राजिम स्थित प्रेम रतन मैरिज पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने खुलकर विचार रखे। एक तरफ जहां सत्तापक्ष के लोगों ने क्षेत्र में किए गए काम गिनाए तो विपक्ष के प्रतिनिधियों ने कमियां गिनाने की कोशिश की। कार्यक्रम का संचालन आईएनएच-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने किया।
पहले सत्र में व्यवसायी गिरधारी अग्रवाल ने राजिम और नवापारा को मिलाकर नया जिला बनाने की मांग उठाई। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता लाला साहू और जितेंद्र (राजू) सोनकर ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राजिम क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं, जिसकी सराहना की जानी चाहिए। इस दौरान आर. बी. शर्मा ने कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में अभी भी काफी सुधार की आवश्यकता है और इस दिशा में विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। दूसरे सत्र में कलेक्टर भगवानदास उइके और पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
महानदी में बैराज की योजना
तीसरे सत्र में राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव और पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल मौजूद रहे। डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने विधायक रोहित साहू से पूछा कि राजिम जिला कब बनेगा और महानदी की सफाई कब होगी? इस पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि महानदी में बैराज निर्माण की योजना है, जिससे बारहों महीने पानी रहेगा और नौका विहार जैसी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि राजिम-महासमुंद सड़क, राजिम छुरा सड़क तथा राजिम से चौबेबांधा तक नदी किनारे फोर लेन सड़क स्वीकृत हो चुकी है। इसके अलावा कोपरा-पोखरा मार्ग और कोमा-पीपरछेड़ी मार्ग का निर्माण कार्य भी जारी है।
वहीं इंद्रकुमार साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अभनपुर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और उनके क्षेत्र में दो नए कॉलेज सहित कई सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिली है। दूसरी ओर जनक ध्रुव ने सिकासार जलाशय का पानी महासमुंद जिले के कुराड़ जलाशय तक ले जाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र को विकास से वंचित किया जा रहा है। पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने अपने कार्यकाल के दौरान जतमई-घटारानी क्षेत्र के विकास और कोमा में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आज भी क्षेत्र के किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
कल्प-कुंभ से मिली पहचान
चौथे सत्र में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भंडार गृह निगम अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू शामिल हुए। डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल से पूछा कि वे मंत्री रहते समय अधिक खुश थे या अब सांसद बनने के बाद इस पर उन्होंने कहा कि वे पहले भी खुश थे और आज भी खुश हैं। उन्होंने कहा कि पहले वे "तालाब में तैरते थे अब समुद्र में तैर रहे हैं", क्योंकि संसद देश की सबसे बड़ी पंचायत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय राजिम कुंभ को छोटा कर "मांझी पुन्नी मेला" बना दिया गया था, लेकिन मंत्री बनने के बाद उन्होंने इसे फिर से राजिम कुंभ (कल्प कुंभ) के रूप में स्थापित किया और इसकी पहचान देश-विदेश तक पहुंचाने का प्रयास किया। वहीं धनेंद्र साहू ने कहा कि रायपुर से ओडिशा तक रेल मार्ग की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है।
पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि, जब वे 2003 में पहली बार विधायक बने, तब उन्होंने क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए और कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। विकास की बात पांचवें सत्र में भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर (नवापारा), जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, नगर पालिका नवापारा अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, नगर पालिका राजिम अध्यक्ष महेश यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नवापारा धनराज मधानी और जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत महादिक ने अपने विचार रखे और जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। रेत के अवैध उत्खनन पर सवालः डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कलेक्टर से जिले में रेत के अवैध उत्खनन को लेकर सवाल किया। इस पर कलेक्टर ने बताया कि शिकायत मिलने पर लगातार कार्रवाई की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों को लेकर भी सवाल पूछे गए, जिन पर कलेक्टर ने शासन की योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी विस्तार से दी।
छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा काम का दावा
धान खरीदी पर किए प्रश्न के उत्तर पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसान दर दर भटकते थे। बारदाना तक के लिए किसान परेशान रहते थे। घर पहुंचने से पहले किसानों के खाते में पैसा पहुंचने से किसानों के खाते में पैसे पहुंचाने का काम साय सरकार ने किया है। विधायक रोहित साहू ने छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा सर्वाधिक कार्य का दावा करते हुए सरकार का आभार जताया।