यशवंत गंजीर - कुरुद। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक अभिनव पहल की जा रही है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर जिला पर्यटन समिति धमतरी द्वारा गंगरेल बांध में पहली बार ‘गंगरेल नौकायन उत्सव’ के तहत ‘महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जा रहा है। यह रोमांचक नाव दौड़ प्रतियोगिता 11 मार्च 2026, बुधवार को दोपहर 3 बजे आयोजित होगी।
पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने पहल
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले में जल पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना और गंगरेल क्षेत्र को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान मिलेगी।
प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा
प्रतियोगिता में विजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। नाव दौड़ में-
- प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख रुपये
- द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये
- तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये
का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा नाव सजावट और पारंपरिक वेशभूषा के लिए भी 11-11 हजार रुपये के विशेष पुरस्कार रखे गए हैं।
पंजीयन अनिवार्य, अंतिम तिथि 9 मार्च
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। प्रत्येक टीम के लिए 500 रुपये का पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026, सोमवार शाम 5 बजे तक तय की गई है।
प्रतियोगिता के नियम और पात्रता
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है और प्रत्येक प्रतिभागी के पास वैध पहचान पत्र होना जरूरी रहेगा। प्रत्येक टीम में 10 सदस्य होंगे और आवश्यकता अनुसार एक अतिरिक्त खिलाड़ी रखा जा सकेगा। सभी प्रतिभागियों के लिए समान वेशभूषा या लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है।
सुरक्षा और पारंपरिक नावों को प्राथमिकता
प्रतियोगिता में केवल स्वीकृत पारंपरिक नावों को ही भाग लेने की अनुमति दी जाएगी और इंजन या मोटर चालित नावों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से आयोजन स्थल पर बचाव दल, सुरक्षा नाव, लाइफ जैकेट, प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने बताई आयोजन की अहमियत
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से जिले में पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही युवाओं को साहसिक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा और गंगरेल क्षेत्र को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।