कुश अग्रवाल-बलौदा बाजार। होली के अवसर पर बलौदा बाजार पुलिस ने पूरे जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए दो दिनों तक कड़ी ड्यूटी निभाई, ताकि लोग बेफिक्र होकर रंगों का त्योहार मना सकें और कहीं भी विवाद की स्थिति न बने।
पुलिस की मुस्तैदी का ही नतीजा रहा कि, छुटपुट कहासुनी और छोटे-मोटे झगड़ों को छोड़कर कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया। लेकिन इस बार बलौदा बाजार पुलिस का एक भावुक और दूसरा पहलू भी देखने को मिला। दूसरों की खुशियों में रंग भरने वाली पुलिस इस बार खुद अपने जीवन में होली के रंग नहीं भर सकी।

पुलिस का होली मिलन समारोह स्थगित किया गया
हर साल होली के दूसरे दिन थाना क्षेत्रों और पुलिस लाइन में पुलिस परिवार के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया जाता था, जिसमें पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ मिलकर होली खेलते थे। लेकिन इस बार पुलिस परिवार के साथ हुई दुखद घटनाओं के कारण होली मिलन समारोह स्थगित कर दिया गया।

दो सहकर्मियों की मौत, एसपी को मातृशोक से माहौल गमगीन
दरअसल, हथबंद थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान करीब एक सप्ताह पहले सड़क हादसे में दो पुलिस आरक्षकों की मौत से पूरा पुलिस परिवार सदमे में है। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक के घर में मातृशोक होने और पुलिस लाइन में पदस्थ आरआई अधिकारी उषा ध्रुव के घर में भी मातृशोक होने से पूरे पुलिस परिवार में शोक का माहौल रहा।

फीकी रही पुलिस की होली
यही वजह रही कि इस बार दूसरों की खुशियों की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी अपने ही परिवार के साथ होली का त्योहार नहीं मना सके और बलौदा बाजार पुलिस के जीवन में इस बार होली के रंग कुछ फीके ही नजर आए।









