राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में होली का त्यौहार इस वर्ष अत्यंत शांति, सौहार्द और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। एसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस द्वारा किए गए व्यापक सुरक्षा प्रबंधों तथा जिलेवासियों एवं मीडिया बंधुओं के सहयोग से यह पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई थीं। इसके तहत वृहद स्तर पर शांति समिति की बैठकें, व्यापारी संघ के साथ बैठक, डीजे संचालकों की बैठक सहित विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस की तैयारियों का आगाज फ्लैग मार्च के माध्यम से किया गया, जिसके द्वारा आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया गया।

शहर में 700 जवान रहे तैनात
इस वर्ष 02 मार्च को होलिका दहन से लेकर 05 मार्च तक लगातार पुलिस बल सड़कों पर तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में 700 जवान, 100 फिक्स्ड पॉइंट, 52 पेट्रोलिंग वाहन, प्रत्येक थाना क्षेत्र में 4-4 पेट्रोलिंग वाहन, तथा गजेटेड अधिकारियों द्वारा निरंतर पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त 20 “बाज़ टीम” (बाइक पेट्रोलिंग टीम) भी सक्रिय रूप से तैनात रही, जिनके द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी गई।
नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर किया एक्शन
पिछले चार दिनों के दौरान कंट्रोल रूम राजनांदगांव द्वारा प्रत्येक घंटे सभी पेट्रोलिंग वाहनों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रियल-टाइम लोकेशन मॉनिटर की जाती रही। साथ ही, होली पर्व को ध्यान में रखते हुए बनाए गए विशेष व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से तैनात बल द्वारा लगातार खैरियत रिपोर्ट प्रेषित की जाती रही। यातायात पुलिस एवं विभिन्न प्वाइंट्स पर तैनात बल द्वारा संध्याकालीन ड्रंक ड्राइविंग पर विशेष कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के वाहन जब्त कर थानों में खड़े किए गए। साथ ही तीन सवारी वाले दोपहिया वाहनों को भी थानों में खड़ा कर आवश्यक समझाइश के बाद शाम को लौटाया गया।
एसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस द्वारा किए गए व्यापक सुरक्षा प्रबंधों तथा जिलेवासियों एवं मीडिया बंधुओं के सहयोग से यह पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। pic.twitter.com/obEWSOYpyP
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 6, 2026
एसपी ने पुलिसकर्मियों को इनाम देने की घोषणा
शहर एवं ज़िले के अन्य क्षेत्रों में संध्या कालीन प्रायः दुकाने खुली साथ ही, लोग अपने परिवार के साथ तथा महिलाए एवं लड़किया भी सहजता के साथ शाम को सड़को पर होली का उत्सव मनाते देखी गईं जो कि, पुलिस की सफलता को दर्शाता है। पर्व के दौरान ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस बल के उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा उन्हें इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस इस अवसर पर जिले के सभी नागरिकों एवं मीडिया बंधुओं के सहयोग के लिए पुनः हार्दिक आभार व्यक्त करती है।









