रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा मुख्य सेवा परीक्षा के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके मुताबिक, पीएससी मेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया एक अप्रैल से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थियों को 15 अप्रैल तक का समय इसके लिए दिया जाएगा।
छग लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षा में शामिल हो पाएंगे। मुख्य सेवा परीक्षा 16 से 19 मई तक आयोजित की जाएगी। गौरतलब है, राज्य सेवा परीक्षा 2025 के माध्यम से 20 सेवाओं के लिए 265 पद विज्ञापित किए गए थे। इस विज्ञापन के अंतर्गत 22 फरवरी को राज्य सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 का आयोजन प्रदेश के 31 जिला मुख्यालयों में किया गया था।
निशुल्क सुधार केवल एक बार
आवेदन पश्चात त्रुटि सुधार करने के लिए 16 व 17 अप्रैल अर्थात 48 घंटे का समय अभ्यर्थियों को मिलेगा। इस दौरान पोर्टल शुल्क और जीएसटी शुल्क देय होगा। आवेदक अपने ऑनलाइन आवेदन में केवल एक बार ही निशुल्क त्रुटि सुधार कर सकेंगे। 17 अप्रैल के बाद किसी भी प्रकार का त्रुटि सुधार नहीं किया जा सकेगा। इस संदर्भ में कोई भी अभ्यावेदन मान्य नहीं किया जाएगा।
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा तथा मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन में दी गई जानकारी, साक्षात्कार के पूर्व मूल दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान सही नहीं पाए जाने पर अभ्यर्थी को आगे घोषित किया जा सकेगा। परीक्षा संबंधित अन्य नियमावली पीएससी ने अपने आधिकारिक वेबसाइट में अपलोड कर दी है।