haribhoomi hindi news
सहकारी बैंक में किसानों को कर्ज में ज्यादा नकदी रकम मिलेगा। अब 70 प्रतिशत नकद और 30 प्रतिशत खाद-बीज, दवा के लिए दिए जाएंगे। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऋण वितरण की नई नीति जारी कर दी है। इस बार सबसे महत्वपूर्ण बदलाव ऋण वितरण के अनुपात में किया गया है। अब किसानों को स्वीकृत ऋणमान का 70 प्रतिशत हिस्सा नकद के रूप में मिलेगा, जबकि शेष 30 प्रतिशत हिस्सा वस्तु (खाद-बीज और कीटनाशक) के रूप में दिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले तक किसानों को 60 प्रतिशत नकद और 40 प्रतिशत वस्तु के अनुपात में ऋण उपलब्ध कराया जाता था।

नकद राशि बढ़ने से किसानों को मिलेगी राहत
नकद ऋण की सीमा 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत किए जाने से किसानों के पास खेती की अन्य जरूरतों, जैसे मजदूरी भुगतान और जुताई आदि के लिए अधिक नकद राशि उपलब्ध होगी। बैंक द्वारा जारी निर्देशानुसार, वर्ष 2026-27 के लिए धान सिंचित हेतु 66 हजार रुपए और धान असिंचित हेतु 49 हजार 500 रुपए प्रति हेक्टेयर का ऋणमान तय किया गया है। इसी आधार पर 70:30 के नए फार्मूले से नकद और वस्तु का वितरण किया जाना निर्धारित है।

क्षेत्रवार ऋण सीमा तय
रायपुर, गरियाबंद, बलौदाबाजार, महासमुंद और धमतरी जिलों के लिए जहां अधिकतम सीमा 66 हजार रुपए है, पए है, वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के भटगांव और सरसींवा क्षेत्रों के लिए सिंचित धान हेतु 60 हजार 500 रुपए प्रति हेक्टेयर की सीमा निर्धारित की गई है। समितियों को प्रारूप 01, 02 और 03 में किसानों का विवरण तैयार कर समयसीमा के भीतर बैंक शाखाओं में प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि वितरण प्रक्रिया में कोई देरी न हो।

किसान मजदूर संघ ने की थी पहल
खास बात ये है कि किसानों को 70-30 के अनुपात में ऋण देने की मांग सबसे पहले किसान मजदूर संघ छत्तीसगढ़ रायपुर के संयोजक ललित चंद्रनाहू ने की थी। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों, जैसे पंजीयक सहकारिता व अन्य विभागों के साथ कई बार पत्र व्यव्हार भी किया था। काफी कोशिशों के बाद आखिरकार यह व्यवस्था अब लागू की जा रही है। किसानों को यह ऋण लेने के लिए अपने क्षेत्र की समिति में बी-1 की नकल, ऋण पुस्तिका, किसान क्रेडिट कार्ड (पासबुक) चेकबुक, पेश करने पर ऋण मिलेगा।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7