CG Assembly Budget Session : विपक्ष ने लगाया धान घोटाले का आरोप, लाया स्थगन प्रस्ताव, नामंजूर होने पर किया वॉकआउट

CG Assembly Budget Session
X
विपक्ष ने लगाया धान घोटाले का आरोप
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विपक्ष ने उत्पादन से अधिक धान खरीदी पर स्थगन प्रस्ताव लाया। इस दौरान विपक्ष के नेताओं ने सरकार पर धान खरीदी में घोटाला करने का आरोप लगाया।   

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज ( शुक्रवार ) को 17वां दिन है। इस दौरान विपक्ष ने उत्पादन से अधिक धान खरीदी पर स्थगन प्रस्ताव लाया। साथ ही सरकार पर लगभग 13 हजार करोड़ का घोटाला करने का आरोप लगाते हुए, सदन का काम रोककर चर्चा की मांग की। स्थगन प्रस्ताव नामंजूर होने पर विपक्ष ने वॉकआउट किया।

नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा- किसानों की मेहनत में अफसर धूल झोंक रहे हैं। लगभग 13 हजार करोड़ का धान खरीदी में घोटाला हुआ है। उत्पादन से 36% से अधिक खरीदी हो रही है। उमेश पटेल ने कहा- धान खरीदी छोटा- मोटा मामला नहीं है, सदन का काम रोककर इस पर चर्चा कराई जानी चाहिए।

विपक्ष ने किया वॉकआउट

इस बीच स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने स्थगन प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा- धान खरीदी में करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ है, धान खरीदी पर सत्तापक्ष जवाब नहीं दे पा रहा है। जिसके बाद विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया।

स्वामी आत्मानंद स्कूलों का उठा मुद्दा

विधायक देवेंद्र यादव ने उठाया भिलाई के स्वामी आत्मानंद स्कूलों का मुद्दा उठाते हुए संचालन के लिए वर्षवार जारी आवंटन और व्यय की जानकारी मांगी। साथ ही खुर्सीपार स्कूल में कॉमर्स क्लासेज शुरू कराने की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी देते हुए कहा- सेक्टर-9 स्कूल के संबंध में परीक्षण कराया जा रहा है। योजना के लिए 700 करोड रुपए का प्रावधान था, इसमें 70 करोड़ की राशि बढ़ाई गई। अब 770 करोड़ की राशि से स्वामी आत्मानंद स्कूलों में बेहतर ढंग से शिक्षा दी जाएगी।

आत्मानंद स्कूलों को पीएमश्री योजना में किया जा रहा शामिल

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- छत्तीसगढ़ में 751 स्वामी आत्मानंद स्कूल खोले गए थे। भारत सरकार के लक्ष्य अनुसार स्कूलों को पीएमश्री योजना में शामिल किया जा रहा है। प्रदेश में 341 पीएमश्री स्कूल चल रहा है जिसमें कुछ स्वामी आत्मानंद स्कूल भी शामिल हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story