सरकारी विभाग में गाड़ी अटैच कर हर माह 25 से 30 हजार रुपए किराया मिलने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने15 से ज्यादा लोगों के साथ अमानत में खयानत करने का मामला सामने आया है। 

रायपुर। सरकारी विभाग में गाड़ी अटैच कर हर माह 25 से 30 हजार रुपए किराया भाड़ा मिलने का झांसा देकर एक व्यक्ति द्वारा 15 से ज्यादा लोगों के साथ अमानत में खयानत करने का मामला सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़त गुरुवार को पुलिस कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पीड़ितों को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

प्रकाश गायकवाड़, सुनील, सुशील कुमार साहू सहित अन्य पीड़ित प्रेम कुमार साहू के खिलाफ पुलिस कमिश्नर के पास शिकायत करने सिविल लाइंस स्थित उनके कार्यालय पहुंचे थे। पीड़ितों ने पुलिस कमिश्नर को बताया है कि प्रेम कुमार ने उनसे जान पहचान बढ़ाने के बाद उनकी अलग-अलग मॉडल के कार को मंत्रालय सहित अन्य सरकारी विभाग में लगाने का झांसा दिया। साथ ही कार मालिकों को प्रेम कुमार ने हर महीने 25 से 30 हजार रुपए किराया देने का झांसा दिया। झांसा में लेने के बाद प्रेम कुमार कार मालिकों के साथ एग्रीमेंट कर कार के सारे दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर समय सीमा समाप्त होने के बाद कार नहीं लौटाई।

अलग-अलग लोगों के नाम से किया एग्रीमेंट
पीड़ितों ने पुलिस को बताया है कि,  प्रेम कुमार ने कार किराए पर लेने अलग-अलग लोगों के नाम से एग्रीमेंट किया है। जिन लोगों से प्रेम ने कार किराए पर लिया था। उन लोगों को शुरुआत के दो तीन महीने रेंट देने के बाद किराया देना बंद कर दिया। कार मालिक ने प्रेम से संपर्क करने की कोशिश की। कार मालिकों के अनुसार प्रेम अपना मोबाइल बंद कर गायब हो गया है।

कार का किया जीपीएस बंद
कार मालिकों ने पुलिस कमिश्नर को बताया है कि,  सरकारी विभाग तथा मंत्रालय में कार अटैच करने का झांसा देकर किराया पर लेने वाले प्रेम ने उनकी गाड़ियों की जीपीएस लोकेशन बंद कर दिया है। इससे कार मालिकों को अपनी कार के लोकेशन के बारे में किसी तरह से जानकारी नहीं मिल पा रही। कार किराए पर लेने के बाद कार के जीपीएस सिस्टम को बंद कर दिया है।