Logo
election banner
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक पार्टियां रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। अपने-अपने दलों के लिए माहौल तैयारी किया जा रहा है।

संदीप करिहार/बिलासपुर- बिलासपुर लोकसभा चुनाव की नामांकन रैली में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक पार्टियां रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं और अपने-अपने दलों के लिए माहौल तैयार कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू के नामांकन रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव के अलावा भाजपा विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह सुशांत शुक्ला समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव के नामांकन रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और छत्तीसगढ़ के सहप्रभारी चंदन यादव विशेष रूप से शामिल हो रहे हैं। 

राजनीतिक दल एक बड़ी सभा करेंगे 

भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दल एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी की आम सभा पुराना बस स्टैंड स्थित जगन्नाथ मंगलम में होगी, यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी और नेतागण हुंकार भरेंगे। तो वहीं कांग्रेस पार्टी की सभा शनिचरी बाजार स्थित लाल बहादुर शास्त्री मैदान में होगी। ये दोनों ही राजनीतिक पार्टी अपनी आमसभा को संबोधित करने के बाद रैली की शक्ल में शक्ति प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे। 

नेतागण नामांकन रैली में जुटेंगे

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत ने बताया कि, भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू के नामकरण रैली में विशेष रूप से मुख्यमंत्री विष्णुदेव शामिल होने पर आ रहे हैं। इसके अलावा डिप्टी सीएम अरुण साव समेत अन्य नेतागण नामांकन रैली में जुटेंगे। पूरे देश में मोदी जी का मैजिक चल रहा है और मतदाताओं ने भाजपा को जीतने का मन बना लिया है। 

'मोदी की गारंटी' से विश्वास उठ गया- केशरवानी 

बिलासपुर सीट से भाजपा का कमल खिलना है। जगन्नाथ मंगलम में आम सभा के बाद शिव टाकीज होते हुए गांधी चौक, हटरी बाजार, गोल बाजार, सदर बाजार, नेहरू चौक में रैली समाप्त होगी, इसके पश्चात क्लेक्ट्रेड पहुंचकर तोखन साहू नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि, बिलासपुर में कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर बड़ी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। बिलासपुर सीट पर कांग्रेस की जीत तय है। 'मोदी की गारंटी' से लोगों का विश्वास उठ चुका है और जुमले बाजी, झूठ से जनता त्रस्त हो चुकी है। नामांकन रैली में राष्ट्रीय सुप्रिया श्रीनेत और छत्तीसगढ़ के सहप्रभारी चंदन यादव समेत प्रदेश स्तर के नेता, विधायक समेत अन्य पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। 

पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटेंगे

गौरतलब है कि, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी और अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी दोनों ही अपनी शक्तियां प्रदर्शन के जरिए बड़ी आमसभा को संबोधित और रैली निकालकर माहौल तैयार करेंगे। इस नामांकन रैली में बिलासपुर के अलावा मुंगेली, लोरमी, कोटा, रतनपुर, तखतपुर, पथरिया, बिल्हा, सीपत, मस्तूरी, मल्हार, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला समेत लोकसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुड़ने वाले है। लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की शक्ति प्रदर्शन का असर बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं में किस पर भारी पड़ने वाला है। यह तो जनता तय करेगी...

5379487