पंकज गुप्ते- बिलासपुर। होली से पहले जश्न का माहौल तनाव में बदल गया। बिलासपुर के गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। रंग-गुलाल के बीच शुरू हुआ मज़ाक कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गया और देखते ही देखते कैंपस में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्री-होली 5.0 कार्यक्रम के दौरान छात्र रंग खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि, कुछ छात्रों ने एक-दूसरे के कपड़े तक फाड़ दिए और जमकर मारपीट की। आसपास मौजूद अन्य छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक मामला बिगड़ चुका था।
छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता
गौरतलब है कि, चार दिनों के भीतर विश्वविद्यालय में मारपीट की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। घटना के समय विश्वविद्यालय प्रशासन के नदारद रहने की भी चर्चा है, जिससे सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल और गहरे हो गए हैं। फिलहाल, मामले को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।