गंगालूर के पोटा केबिन आवासीय विद्यालय की तीन छात्राओं के गर्भवती होने की खबर पर सर्व आदिवासी समाज के जांच दल ने अपनी प्रारंभिक जांच में इसे अर्धसत्य बताया है।

बीजापुर। गंगालूर के पोटा केबिन आवासीय विद्यालय की तीन छात्राओं के गर्भवती होने की खबर पर सर्व आदिवासी समाज के जांच दल ने अपनी प्रारंभिक जांच में इसे अर्धसत्य बताया है। संभागीय अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर के निर्देशन में तथा जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी संयोजक के नेतृत्व में गठित जांच समिति 19 मार्च को गंगालूर पहुंची।

 जांच दल में कमलेश पैंकरा, कुंवर सिंह मज्जी, अमित कोरसा, सीताराम मांझी, कामेश्वर दुब्बा, श्रवण सैंड्रा, सुखराम कोवासी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। दल ने छात्राओं से मुलाकात की और बाद में गोंडवाना भवन में प्रेस वार्ता में जानकारी दी। जग्गूराम तेलामी ने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक छात्रा सितंबर माह से ही विद्यालय से अनुपस्थित थी, जबकि अन्य दो छात्राएं नए शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के बाद से ही आवासीय विद्यालय नहीं आई थीं।

सदस्यों ने की छात्राओं से निवास पर मुलाकात
जांच दल ने तीनों छात्राओं से उनके निवास पर मुलाकात की। जहां यह पाया गया कि तीनों वर्तमान में अपने-अपने ससुराल में रह रही हैं। समिति के अनुसार परीक्षा के दौरान जब ये छात्राएं विद्यालय आई थीं तब परीक्षा के अंतिम दिन गांव के कुछ लोगों द्वारा उनसे पूछताछ की गई थी जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया । सर्व आदिवासी समाज ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। तथ्यात्मक जानकारी सामने आने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष प्रस्तुत किया जाएगा।