आशीष कुमार- बतौली। छत्तीसगढ़ के सरगुजा के ग्राम पंचायत सेदम में प्रधानमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना में घटिया सीसी सड़क का निर्माण जोरों पर है। जहां सड़क बनते ही दरारें उभर आई हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि, अधिकारियों के शह पर ठेकेदार द्वारा बुलंद हौसलों के साथ घटिया निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा है।
आपको बता दें कि ग्राम पंचायत सेदम में प्रधानमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना अंतर्गत 200 मीटर की पक्की कांक्रीट सड़क का निर्माण 20 लाख की लागत से किया जा रहा है। यह निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग 43 से सेदम भंडार तक किया जाना है। जहां ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए घटिया निर्माण को लेकर ग्रामीणजन आक्रोशित है।
बनते ही आ गई दरारें
ग्रामीणों का आरोप है कि घटिया सी सी सड़क निर्माण में बनते ही दरारें आ रही है। इस एकांगी मार्ग से हजारों लोग रोज आवागमन करते हैं। जहां अधूरे निर्माण से कई बाईक सवार दुर्घटना का शिकार हो गए हैं। साथ ही साइड शोल्डर का निर्माण नहीं किया गया है और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। यही वजह है कि आए दिन बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे लोगों को चोटें भी आ रही हैं। यह मार्ग कई पंचायतों को जोड़ने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। निर्माण के चलते सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारी उदासीन ठेकेदार की मनमानी जारी
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि निर्माण स्थल पर सूचना पटल तक नहीं लगाया गया। जिससे लागत, निर्माण एजेंसी और कार्य अवधि की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं है। इससे पूरे कार्य में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता की अनदेखी कर मनमानी तरीके से काम किया जा रहा है, न सही ढंग से पानी का छिड़काव हो रहा है और न ही किसी प्रकार की तकनीकी निगरानी दिख रही है। ऐसे में यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार और मिलीभगत का मामला प्रतीत होता है।
ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क का पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगे और हादसे न हों। साथ ही इस एकांगी मार्ग में पक्की नाली का निर्माण भी किया जाए। ताकि, रिहायशी क्षेत्र में लोगों को अच्छी सुविधा मिल सके। नाली के अभाव में घरों से निकला पानी सड़क में बहता है जिससे ग्राम स्वच्छता पर भी असर पड़ता है।
अच्छी सड़क को दी जाएगी प्राथमिकता- योजना अधिकारी
इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अधिकारी विपिन राज मिंज ने कहा कि, अच्छी सड़क को प्राथमिकता दी जाएगी। सड़क की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा।








