अनिल सामंत- जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कथित अफीम की खेती और गैस सिलेंडर संकट को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसी भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने कोर्ट तिराहा के समीप बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए वापस लौट गए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शराब,गांजा,अफीम और हेरोइन जैसे नशों के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत महामारी का रूप ले चुकी है।
होटल-रेस्टोरेंट प्रभावित होने के लगाए आरोप
कांग्रेस नेताओं ने गैस सिलेंडर संकट को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि, कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक रोक दिए जाने से होटल और रेस्टोरेंट प्रभावित हुए हैं, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी पिछले कई दिनों से बाधित है। उन्होंने सरकार से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों के फार्म हाउसों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि, इससे अफीम की खेती के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

इस दौरान शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतीन जायसवाल, उमाशंकर शुक्ला, राजेश चौधरी, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, कविता साहू, लता निषाद, राजेंद्र पटवा, सूर्यापानी, संतोष सेठिया, ललिता राव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गैस संकट और नशे के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति अचानक रोक दी गई है,जिससे होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की भी भारी कमी बताई जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार एक तरफ कमी नहीं होने का दावा कर रही है,जबकि जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गैस संकट और नशे के कारोबार पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।
सत्ता संरक्षण के बिना नहीं हो सकती अफीम की खेती: विमल सुराना
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी प्रभारी विमल सुराना ने कहा कि बिना सरकार और सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण के खुलेआम अफीम की खेती संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि गली-कूचों में गांजा, शराब और सूखे नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है,जो सरकार की विफलता को दर्शाता है। सुराना ने यह भी कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिलने से रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं और अब घरेलू गैस की भी भारी कमी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।








