बसना में ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस ने 4.56 करोड़ का 9 क्विंटल गांजा जब्त कर तस्कर को गिरफ्तार किया, जो फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को चकमा दे रहा था।

मनहरण सोनवानी - बसना। छत्तीसगढ़ के बसना क्षेत्र में ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 4 करोड़ 56 लाख रुपये मूल्य का 9 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसे ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था।

नाकेबंदी में मिली बड़ी सफलता
बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर पर की गई सघन नाकेबंदी के दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता हाथ लगी। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में संदिग्ध ट्रक को रोका गया, जिसके बाद तलाशी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

केले के नीचे छिपाया गया था गांजा
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजा को बेहद शातिर तरीके से ट्रक में छिपाया था। ऊपर केले की खेप रखी गई थी, जबकि उसके नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।

फर्जी नंबर प्लेट से दे रहे थे चकमा
जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट बदल-बदल कर इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके और पहचान छुपाई जा सके। यह एक संगठित तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करता है।

आरोपी गिरफ्तार, ट्रक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने इस मामले में झारखंड के जमशेदपुर निवासी अब्दुल नईम को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनसे आगे की जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(2), 338 और 340 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)