मनहरण सोनवानी - बसना। छत्तीसगढ़ के बसना क्षेत्र में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा ड्रग तस्करी नेटवर्क उजागर हुआ है। पुलिस ने NH-53 पर रेहटीखोल नाका के पास नाकाबंदी कर एक लग्जरी कार को रोका, जिसमें बने गुप्त चैंबर से 35 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 17.50 लाख रुपये आंकी गई है।
कार के ‘सीक्रेट चैंबर’ में छिपा रखा था गांजा
पुलिस के मुताबिक तस्करों ने कार के अंदर विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त चैंबर में गांजा छिपा रखा था। जांच के दौरान वाहन की बॉडी में असामान्य बदलाव दिखने पर टीम को शक हुआ, जिसके बाद तलाशी लेने पर चैंबर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ मिला।
दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
कार में मौजूद दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी हैं और लंबे समय से अंतर्राज्यीय तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं। प्राथमिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह गांजा पदमपुर (ओडिशा) से लाया गया था और इसे मुरैना (मध्य प्रदेश) में खपाने की तैयारी थी।
NH-53 पर नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए तस्कर
सूचना मिलने पर ANTF और सिंघोड़ा पुलिस ने NH-53 के रेहटीखोल नाका के पास संयुक्त नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध लग्जरी कार नाके पर पहुंची, टीम ने उसे रोककर तलाशी की और पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तस्करों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।