मनहरण सोनवानी- बसना। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह की कमर तोड़ दी है। घरेलू सामान की आड़ में छिपाकर ले जाए जा रहे करीब सवा दो क्विंटल से अधिक गांजा को जब्त करते हुए पुलिस ने एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया। जब्त माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.37 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बसना थाना क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध अशोक लीलैंड (बड़ा दोस्त) वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में घरेलू सामान के बीच बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया 2 क्विंटल 74 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
मध्यप्रदेश का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 37 लाख रुपये है। कार्रवाई के दौरान वाहन और एक मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन यादव, निवासी सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।









